सड़क हादसे में घायल तीन युवकों के लिए फरिश्ता बने एसपी राजेश व्यास: अपनी शासकीय कार से पहुंचाया अस्पताल

भाटखेड़ा फंटे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, भाटखेड़ा फंटे के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर एसपी राजेश व्यास तत्काल मौके पर पहुंचे। उस समय वे पुलिस अमले के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।
अपनी शासकीय कार से अस्पताल पहुंचाया
घायलों की स्थिति देखते हुए एसपी ने बिना देर किए पुलिस स्टाफ को निर्देश दिए कि तीनों युवकों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया जाए। इसके बाद उन्होंने अपनी शासकीय कार से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
तीनों घायल युवकों की हुई पहचान
हादसे में घायल युवकों की पहचान सुनील पिता श्यामलाल गायरी (25), सोनू पिता बाबूलाल गायरी (30) और गोपाल पिता गुणवंतलाल कुमावत (32) के रूप में हुई है। तीनों को चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक की पहल की सराहना
सड़क हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की एसपी की पहल को मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल माना जा रहा है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायलों को उपचार उपलब्ध हो सका। पुलिस अधीक्षक की इस तत्परता की सराहना की जा रही है।