नीमच में 7 क्विंटल अवैध डोडाचूरा जब्त, दो सगे भाई गिरफ्तार: 40 लाख रुपये की सामग्री जब्त

वाहन की तलाशी में 35 कट्टों में भरा 7 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप सहित करीब 40 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
नाकाबंदी तोड़कर भागे, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने फोरलेन पर नीमच की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पिकअप क्रमांक MP-13-GA-9723 वहां पहुंची।
पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गति बढ़ाकर बैरिकेडिंग को टक्कर मारी और सड़क के कट से यू-टर्न लेकर नीमच की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया।
पिकअप चालक ने जेतपुरा फंटे से मनासा रोड की ओर वाहन मोड़ा। इसके बाद दुलाखेड़ा मार्ग से ग्राम गिरदौड़ा और रेवली-देवली होते हुए पिपलिया नाथावत फंटे की ओर निकल गया। पुलिस लगातार पीछे लगी रही। इसी दौरान तेज गति से मोड़ने पर पिकअप पलट गई। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
35 कट्टों में मिला 700 किलोग्राम डोडाचूरा
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप की तलाशी के दौरान पिछले हिस्से में काले रंग के कट्टे मिले। वाहन पलटने से कुछ कट्टे सड़क पर बिखर गए थे, जिन्हें पुलिस ने एकत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, वाहन को सीधा करवाकर तलाशी लेने पर कुल 35 कट्टे मिले। प्रत्येक कट्टे में लगभग 20 किलोग्राम डोडाचूरा था। इस तरह कुल 700 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया।
पुलिस ने जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये और पिकअप की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई है। इस प्रकार कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य 40 लाख रुपये है।
पिपलिया नाथावत निवासी दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से लालसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (38) और नरेंद्रसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (40), दोनों निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डोडाचूरा होने के कारण पकड़े जाने के डर से नाकाबंदी से भागने की बात बताई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच
मामले में जीरन थाने पर अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस अब जब्त मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति में शामिल अन्य व्यक्तियों और परिवहन नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि डोडाचूरा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामसिंह सिंह सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।