मनासा के बीहड़ों में आबकारी विभाग की दबिश: 740 किलो लहान और 17 लीटर कच्ची शराब जब्त

ग्राम भांड्या और पिपलिया रंडी में अवैध शराब के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, 3 प्रकरण दर्ज; जब्त सामग्री की कीमत करीब 78,250 रुपये
मनासा। देवास और सागर में जहरीली शराब से हुई घटनाओं तथा अवैध शराब के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियानों के बीच नीमच जिले में आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर शुक्रवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मनासा क्षेत्र के बीहड़ और ग्रामीण इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकानों का खुलासा किया।
जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम भांड्या, पिपलिया रंडी और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
740 किलो महुआ लहान नष्ट
कार्रवाई के दौरान तरकरियों और झाड़ियों में छिपाकर रखे गए लगभग 740 किलोग्राम महुआ लहान को बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया। इसके अलावा 17 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब और आसवन उपकरण भी जब्त किए गए।
जब्त सामग्री का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 78,250 रुपये बताया गया है।
आबकारी अधिनियम के तहत 3 प्रकरण दर्ज
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक संजय कंवर, पंकज राठौर, आबकारी आरक्षक महेश गहलोत, विलास डगमिया एवं श्रीमती मृदुलता मालवीय की मुख्य भूमिका रही।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखने का दावा
आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, ग्रामीण और वन क्षेत्रों में छिपाकर किए जा रहे अवैध शराब निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आने वाले दिनों में ऐसे ठिकानों पर निगरानी और कार्रवाई कितनी प्रभावी रहती है।